उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय मंगलवार देर शाम माघ मेला में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के शिविर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। अजय राय ने शंकराचार्य के साथ हुई घटना की कड़ी निंदा की और उनके इस सत्याग्रह में कांग्रेस पार्टी का पूरा समर्थन होने की बात कही।
मुलाकात के बाद अजय राय ने कहा कि सनातन संस्कृति में शीर्षस्थ स्थापित एक शंकराचार्य और उनके अनुयायियों के साथ की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई अक्षम्य है। त्रिवेणी जैसी पवित्र तपस्थली पर उन्हें बिना स्नान किए लौटना पड़ा। कांग्रेस पार्टी ऐसे कृत्य की कड़ी निंदा करती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शंकराचार्य के समर्थन में साथ खड़ी है।
पुलिस प्रशासन जिस तरीके से शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ जुल्म, ज्यादती कर रही है और जिस तरीके से उन्हें स्नान से रोका गया है, वह सनातन के विरुद्ध है। दंडी स्वामियों को इस तरह उनकी शिखा पकड़कर घसीटा जाना और उन्हें बूटों से पीटा जाना सनातन परंपरा को कलंकित और शर्मशार करने वाली है। उन्होंने कहा कहीं न कहीं शंकराचार्य को अपमानित करने की मंशा सरकार की रही है, क्योंकि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरकार और सरकार की नीतियों के विरुद्ध बोलते रहे हैं, सच की आवाज उठाते रहे हैं। कांग्रेस पार्टी शंकराचार्य के साथ खड़ी और एक संत पर हुए अन्याय का मुखर विरोध करेगी। पार्टी प्रदेश महासचिव विवेकानंद पाठक, शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी, गंगापार जिलाध्यक्ष अशफाक अहमद, कौशांबी जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय, सुधाकर तिवारी, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, संजय तिवारी, महेश त्रिपाठी, सिद्धनाथ मौर्य, जितेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे ।
