इस बार सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2026 साल के अंत में छह दिसंबर को होगी। पहले यह परीक्षा वर्ष की शुरुआत में जनवरी से अप्रैल के बीच कराई जाती थी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शुक्रवार को वर्ष 2026 की भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया।
आयोग के कैलेंडर में दो फरवरी से 18 दिसंबर तक 57 परीक्षाएं शामिल हैं जबकि इसी साल एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती-2025 के तहत 17 जनवरी, 18, 24 व 25 जनवरी को छह विषयों की परीक्षाएं हो चुकी हैं, जो कैलेंडर में नहीं हैं।
आयोग ने 24 तिथियां आरक्षित की हैं ताकि बीच में कोई नई परीक्षा होती है या कोई परीक्षा टालनी पड़ती है तो इन आरक्षित तिथियों में कराई जा सके। आयोग के कैलेंडर से स्पष्ट है कि आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2024 में पेपर लीक विवाद के कारण भर्तियों को पटरी पर लाने में वक्त लग रहा है।
11 फरवरी 2024 को हुई आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण यह परीक्षा निरस्त कर दोबारा आयोजित की गई थी जिसकी वजह से पीसीएस समेत अन्य परीक्षाएं, भी प्रभावित हुईं थीं।आयोग को पीसीएस-2024 की प्रारंभिक परीक्षा कई बार टालनी पड़ी थी और वर्ष 2025 के कैलेंडर पर इसका असर देखने को मिला था। यही वजह है कि पीसीएस-2024 और पीसीएस-2025 की चयन प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं की जा सकी है और पीसीएस-2026 इस बार साल के अंत में कराई जाएगी।
