उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 के अंतर्गत प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परिषद ने प्रथम चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए प्रदेश भर में कुल 9,075 परीक्षकों की तैनाती की है।
परिषद के अनुसार इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम चरण की परीक्षाएं 24 जनवरी से एक फरवरी के बीच होंगी। इस चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि प्रथम चरण के लिए परीक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नियुक्त परीक्षकों की विद्यालयवार सूची जल्द ही जारी की जाएगी जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि किस विद्यालय में किस विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए कौन परीक्षक नामित किया गया है। इसके साथ ही परीक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया भी शीघ्र ही शुरू की जाएगी |
उन्होंने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं का दूसरा चरण दो फरवरी से नौ फरवरी के बीच आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के जिलों को शामिल किया गया है। इस चरण के लिए परीक्षकों की तैनाती बाद में होगी।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन पूरी पारदर्शिता और तय मानकों के अनुसार कराया जाएगा ताकि मूल्यांकन निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण हो सके। साथ ही सभी संबंधित विद्यालयों को समय से आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके l
