प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विझिंजम बंदरगाह के उद्घाटन समारोह में मंच पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर व सीएम पिनराई विजयन की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा कि इस तस्वीर को देखकर कई लोगों की रातों की नींद उड़ जाएगी। पीएम ने तिरुवनंतपुरम में 8,800 करोड़ के विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह देश को समर्पित किया।
थरूर तिरुवनंतपुरम से सांसद हैं और उनपर उनकी ही पार्टी के नेताओं की ओर से पहलगाम हमले के बाद भाजपा के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया जा रहा है। इसके अलावा मोदी के नेतृत्व में रूस-यूक्रेन संघर्ष पर भारत की कुशल कूटनीति की प्रशंसा करने के लिए भी थरूर की कुछ कांग्रेस नेता आलोचना करते रहे हैं। पीएम ने कहा मैं अपने मुख्यमंत्री से कहना चाहूंगा कि आप इंडिया गठबंधन के एक बड़े और मजबूत स्तंभ हैं। शशि थरूर भी यहां बैठे हैं। मुझे लगता है आज का कार्यक्रम कई लोगों की नींद उड़ा देगा। हालांकि, मोदी की इस बात का अनुवाद करने वाले व्यक्ति ने इसे ठीक से अनुवादित नहीं किया और पीएम मोदी को कहना पड़ा कि संदेश उन लोगों तक पहुंच गया जिन तक पहुंचाया था।
