प्रयागराज। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शिक्षक दिवस के मौके पर जिला पंचायत सभागार में 513 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भगवान से ऊपर गुरु का स्थान है। उन्होंने मंच से ही कहा कि गुरुजन विद्यार्थियों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करें। हमारा मुकाबला दुनिया के दिग्गज देशों से है। विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जिला पंचायत सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह एवं ‘वर्तमान परिवेश में शिक्षकों की भूमिका’ विषयक संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केशव ने का कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। वो दिन दूर नहीं जब अंतरिक्ष में भारत का भी स्पेस स्टेशन स्थापित होगा।
चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर भारत एक अकेला देश है जिसका उपग्रह उतरा और जब उसका नाम शिव शक्ति रखा गया तो तुष्टिकरण की रणनीति वालों को पीड़ा होने लगी। स्वदेशी को बढ़ावा देने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। केशव ने कहा कि जीएसटी सुधार आत्मनिर्भर भारत विकसित भारत के निर्माण में सहायक होगा। पूरी दुनिया पीएम मोदी को सुनना चाहती हैं उनकी नीतियों पर काम करना चाहती हैं। 25 करोड़ लोगों
को गरीबी रेखा से बाहर निकाल चुके हैं। आज दुनिया में चौथे नंबर पर है भारत की अर्थव्यवस्था है। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने नकल माफियाओं की कमर तोड़ दी। इस अवसर पर मेयर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लगभग 40 मिनट तक बिजली गुल रही। विधायक गुरु केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों से कार्यक्रम की पहले से ही जानकारी दे रखी थी। इसके बावजूद बिजली काट दी गई।कार्यक्रम में शिक्षक ब्रजेश गुप्ता, नीरज दीक्षित, रविंद्र मिश्रा, चंद्रशेखर मिश्रा, रविंद्र प्रताप, वंदना सिंह, रंजना सिंह, मंजूषा सिंह, विक्रम बहादुर सिंह, जुगुल किशोर त्रिपाठी, विंध्यवासिनी आदि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश सह संयोजक डॉ शैलेष पांडेय ने किया। स्वागत भाषण भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ दिव्यकांत शुक्ला ने किया।
