सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार शाम प्रयागराज में आयोजित दो वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनसे प्रयागराज का हालचाल जाना। सीएम योगी रविवार शाम 5:55 बजे राजकीय वायुयान से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद 6:05 बजे एयर वाइस मार्शल अमन कपूर के आवास पर उनकी पुत्री के वैवाहिक समारोह में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री यहां तकरीबन 20 मिनट तक रहे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, पूजा पाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला से भी उन्होंने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से प्रयागराज का हालचाल पूछा।
सीमित समय के कारण औपचारिक मुलाकात के बाद वह कार से यमुना बैंक रोड स्थित त्रिवेणी दर्शन पहुंचे और न्यायमूर्ति समित गोपाल के पुत्र के विवाहोपरांत आयोजित समारोह में शामिल हुए। वहां भी सीएम के साथ कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मौजूद रहे।
समारोह में 20 मिनट रुकने के बाद वह बमरौली एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए, जहां से 7:55 बजे उन्होंने लखनऊ के लिए उड़ान भरी। मुख्यमंत्री के आगमन के कारण आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। वापसी पर मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
