हनीमून पर शिलांग गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या और पत्नी सोनम के लापता होने के मामले ने सोमवार को स्तब्ध कर देने वाला मोड़ लिया. जिस सोनम की तलाश के लिए सीबीआइ जांच की मांग की जा रही थी, उसी ने विवाह के महज 13 दिनों बाद प्रेमी से मिलकर पति की हत्या करा दी. पुलिस के अनुसार पूरे षड्यंत्र की सूत्रधार सोनम ही है. रविवार रात यूपीके गाजीपुर में एक ढाबे पर बदहवास हालत में पहुंची सोनम ने ढाबा मालिक के फोन से अपने भाई गोविंद से बात की. गोविंद के कहने पर ढाबा मालिक ने पुलिस को बुलाया. तब पुलिस ने सोनम को हिरासत में लिया.
पति को हटाने की साजिश रची राजा और सोनम उर्फ बिट्टी रघुवंशी की शादी 11 मई को हुई थी. मेघालय पुलिस के अनुसार, सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ रहने के लिए शादी के छह दिन बाद ही राजा को रास्ते से हटाने की योजना बना ली. 20 मई को पति को हनीमून के लिए मेघालय ले जाने के बाद उसने राज के तीन दोस्तों को वहां बुला लिया।
