लखनऊ। मथुरा-वृंदावन समेत ब्रज क्षेत्र में होली का पारम्परिक व सांस्कृतिक उत्सव शुरू हो चुका है। इसी क्रम में विश्व प्रसिद्ध लड्डू होली 07 मार्च को खेली जाएगी। इसके बाद लट्ठमार होली 08 मार्च को मनाई जाएगी। इन दोनों आयोजन में शामिल होने देश-विदेश से लोग आने लगे हैं। इसके लिए जिला प्रशासन के साथ पर्यटन विभाग की ओर से भी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया प्रदेश सरकार का प्रयास है कि इस अवसर पर आने वाले पर्यटकों को होली के रंग में सराबोर होने का बेहतर अनुभव मिले। इसके लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने पूरी तैयारी की है। मथुरा वृंदावन में 40 दिन तक चलने वाले रंगों के इस त्यौहार को खास बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पर्यटन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लड्डू होली के दौरान लाडली जी के मंदिर में रहेंगे। इसके बाद राधा विहारी इंटर कालेज प्रांगण में होली महोत्सव की विधिवत शुरुआत करेंगे। बरसाना की रंगीली गली और राधा रानी के मंदिर में 08 मार्च को होली खेली जायेगी। ब्रज में होली 40 दिन मनाई जाती है। इसकी शुरुआत बसंत पंचमी से होती है। ब्रज की होली रंगो का उत्सव नहीं बल्कि देश की गौरवशाली परम्परा और समृद्धि विरासत का अनूठा त्यौहार है।
