प्रयागराज। एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा की ओर से सोमवार को कलक्ट्रेट के अलग-अलग अनुभागों में किए गए निरीक्षण के दौरान 18 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर सभी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
एडीएम सिटी ने सुबह करीब 10:40 बजे निरीक्षण शुरू किया। वह एडीएम वित्त एवं राजस्व, आपदा, चकबंदी, रिकॉर्ड रूम समेत ज्यादातर अनुभागों में गए और कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ फाइलों के रखरखाव आदि के बारे में जानकारी ली। इस दौरान 18 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। परिसर में कई जगह गंदगी और जलभराव मिला। कई अन्य खामियां भी मिलीं। एडीएम सिटी ने नाजिर को दोनों शिफ्ट में सफाई कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी ने रिकॉर्ड रूम में फाइलों को सही तरीके से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो रिकॉर्ड मांगे हैं, उन्हें जल्द से जल्द उपलब्ध करा दिया जाए। एडीएम ने समय से शासकीय काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की संख्या कम होने का मुद्दा भी उठा।
