लंदन। लॉडर्स टेस्ट में पांचवें और अंतिम दिन क्रिकेट का रोमांच शिखर पर होगा। भारत को जीत के लिए जहां 135 रन चाहिए हैं, वहीं इंग्लैंड को पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में बढ़त के लिए मेहमानों के छह विकेट झटकने होंगे। दोनों टीमों की पहली पारियों का स्कोर 387 रन से समान रहने के बाद मेजबान टीम वाशिंगटन सुंदर (4/22) की फिरकी में फंसकर दूसरी पारी में 192 रन पर ढेर हो गई। भारत को लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के लिए 193 रन की चुनौती मिली है।
एक बारगी लगा भारतीय टीम इस छोटे लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगी, लेकिन चौथे दिन का खेल समाप्त होने पर इंग्लैंड ने भारत के 58 रन पर चार विकेट गिराकर मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया है। भारत की उम्मीदें 33 रन पर खेल रहे पहली पारी में शतक लगाने वाले केएल राहुल पर टिकी हैं। हालांकि उन्हें सोमवार को ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर का साथ मिलेगा। कप्तान शुभमन गिल (6) इस टेस्ट की दूसरी पारी में भी नहीं चल पाए। यशस्वी (0) और करुण नायर (14) भी सस्ते में आउट हुए।
भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड के लंच तक चार और चायकाल तक दो विकेट निकालकर उसे बैकफुट पर ला दिया। चायकाल के बाद इंग्लैंड के 11 रन के अंतराल में चार विकेट गिर गए। पहली पारी के शतकवीर जो रूट दूसरी पारी में अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन सुंदर की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में वह बोल्ड हो गए। लॉर्ड्स में पिछली चार पारियों से 50 से अधिक का स्कोर करते आ रहे रूट ने 40 रन बनाए। चार विकेट गिरने के बाद रूट और बेन स्टोक्स इंग्लैंड की पारी को संभालते नजर आ रहे थे। दोनों ने 128 गेंद में 67 रन की साझेदारी निभाई।
