प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तनाव मुक्त परीक्षाओं पर चर्चा जारी है। 1.19 मिनट का एक वीडियो एक्स पर साझा करते हुए पीएम ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा का दूसरा एपिसोड अवश्य देखें। इस एपिसोड में गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर और असम के गुवाहाटी के परीक्षार्थी शामिल हैं। पीएम ने कहा कि उनके सवाल और नजरिये इस एपिसोड को देखने लायक बनाते हैं।
परीक्षा पे चर्चा के 9वें संस्करण का दूसरा एपिसोड सोमवार को सुबह 10 – बजे से प्रसारित होगा। इस साल के परीक्षा पे चर्चा के पहले एपिसोड में गुजरात, सिक्किम, लद्दाख, मणिपुर के परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस बार 4.5 करोड़ से ज्यादा पंजीकरण के साथ पिछले रिकॉर्ड टूटे।
2023 में 38.8 लाख ने पंजीकरण कराया था। वहीं 2024 में यह संख्या 2.26 करोड़ और 2025 में 3.53 करोड़ थी। पीएम मोदी के साझा किए गए वीडियो के अनुसार, इस बार परीक्षा पे चर्चा का होगा नया रूप। कुछ नई जगहें और एक नया सफर। इसमें पीएम को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मुझे देशभर से कई छात्रों ने सुझाव भेजा था कि देश के अलग-अलग हिस्सों में भी परीक्षा पे चर्चा होनी चाहिए।
