प्रयागराज। यूपी बोर्ड की वर्ष 2025 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का रिजल्ट अप्रैल के अंतिम हफ्ते में संभावित है। अब तक 85.65 फीसदी कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है। 30 मार्च या इससे पहले सभी कॉपियों का मूल्यांकन पूरा होने की उम्मीद है, जबकि इसके लिए दो अप्रैल तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं।
कॉपियों के मूल्यांकन के लिए नियुक्त परीक्षकों की उपस्थिति भी तेजी से बढ़ी है। मूल्यांकन के लिए 1,41,51 परीक्षा की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें से 1,20,041 परीक्षक बृहस्पतिवार को उपस्थित रहे। बोर्ड ने 19 मार्च से कॉपियों का मूल्यांकन शुरू कराया था। पंद्रह दिनों में 3,01,48,236 कॉपियों को जांचने का लक्ष्य है, जिनमें से 2,58,19,776 कॉपियों को मूल्यांकन अब तक पूरा किया जा चुका है। इनमें हाईस्कूल की 1,45,66,163 और इंटरमीडिएट की 1,12,53,613 कॉपियां शामिल हैं। वहीं, बृहस्पतिवार की एक दिन में 17,32,852 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। इनमें हाईस्कूल की 7,43,602 व इंटरमीडिएट की 9,89,250 कॉपियां हैं। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि कॉपियों का मूल्यांकन जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में परिणाम संभावित है।
