नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 से 26 जुलाई तक ब्रिटेन और मालदीव के दौरे पर जाएंगे। चार दिवसीय यह दौरा दोनों देशों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने का एक बड़ा मौका होगा।
23 से 24 जुलाई तक पीएम मोदी के ब्रिटेन दौरे पर दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर औपचारिक मुहर लग सकती है, जिससे भारतीय निर्यात को लाभ मिलने की उम्मीद है। ब्रिटेन के बाद पीएम मोदी की 25 जुलाई से मालदीव यात्रा शुरू होगी। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पीएम मोदी की यह ब्रिटेन की चौथी यात्रा होगी। उनकी यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी की लंदन यात्रा के दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है। तीन वर्षों तकचली लंबी बातचीत के बाद इस साल मई से दोनों देश इस समझौते को कानूनी रूप देने की प्रक्रिया में जुटे हैं। समझौते पर मुहर लगने के बाद शुल्क से 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात को लाभ मिलने की उम्मीद है। व्यापार समझौते से भारत के कपड़ा, चमड़ा और इंजीनियरिंग सामान के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। इस समझौते से ब्रिटिश कंपनियों के लिए भारत में व्हिस्की, कार और अन्य उत्पादों का निर्यात आसान हो जाएगा, साथ ही समग्र व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
