मैनचेस्टर। भारतीय टीम को चौथे टेस्ट से पहले बड़ा झटका लगा है। एजबेस्टन और लॉर्ड्स टेस्ट में खेलने वाले ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। उन्हें वापस भारत भेजा जा रहा है। नीतीश का रविवार को जिम में घुटना बुरी तरह से चोटिल हो गया। उनके लिगामेंट को क्षति पहुंची है। वह बाकी बचे दो टेस्ट मैचों के लिए फिट नहीं हो सकते हैं, जिसके चलते उन्हें दौरे से बाहर कर दिया गया। वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
अच्छी खबर यह है कि ऋषभ पंत ने सोमवार को अभ्यास सत्र में विकेटकीपिंग की और जसप्रीत बुमराह भी अभ्यास सत्र में उतरे। मोहम्मद सिराज ने बुमराह के चौथे टेस्ट में खेलने की पुष्टि की। अर्शदीप का बेकनहेम में अभ्यास के दौरान हाथ चोटिल हो गया था। कमर के दर्द से जूझ रहे आकाशदीप चौथे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे, लेकिन उनके खेलने पर फैसला अंतिम क्षणों में लिया जाएगा। बीसीसीआई ने नीतीश के दौरे से और अर्शदीप के चौथे टेस्ट से बाहर होने की पुष्टि की। बीसीसीआई ने कहा, अंशुल मैनचेस्टर में टीम से जुड़ गए हैं। नीतीश के बाहर होने पर यह तय है कि पांच मैचों की सीरीज में 1-2 से पिछड़ी भारतीय टीम ओल्ड ट्रैफर्ड में परिवर्तन के साथ उतरेगी।
