प्रयागराज। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन (सीआरबी) सतीश कुमार ने रविवार को जंक्शन के पुनर्विकास कार्य देखने के बाद कार्यदायी संस्था और रेलवे अफसरों से पूछा कि यहां काम इतनी धीमी गति से क्यों चल रहा है।
प्रगति उन्होंने कहा कि दो वर्ष से ज्यादा हो चुका है लेकिन संतोषजनक नहीं है। उन्होंने रेलवे के निर्माण विभाग के अफसरों को निर्देश दिया कि वह इस कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करें।अगर कहीं कोई समस्या आती है तो उसका तुरंत निस्तारण किया जाए। चेयरमैन सतीश कुमार रविवार दोपहर ही प्रयागराज पहुंचे विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने के बाद उन्होंने जंक्शन के वीआईपी लाउंज में अफसरों से मुलाकात की।चेयरमैन ने माघ मेले की तैयारी के बारे में अफसरों से बात की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत में माघ मेला होगा। पुराने अनुभव को देखते हुए मेले में काफी भीड़ आ सकती है।ऐसे में संभावित भीड़ को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम तैयारी अभी से शुरू कर दें। स्पेशल ट्रेन आदि की भी प्लानिंग की जाए। शाम चार बजे के बाद उन्होंने जंक्शन के पुनर्विकास कार्य का निरीक्षण शुरू किया।फुट ओवर ब्रिज के रास्ते चेयरमैन सिविल लाइंस साइड स्थित निर्माणाधीन स्टेशन बिल्डिंग पहुंचे। उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर पुनर्विकास कार्य में ब्लॉककी आवश्यकता है तो चरणबद्ध तरीके से लिया जाए।निरीक्षण के दौरान एसडीजीएम हिमांशु बडौनी, डीआरएम रजनीश अग्रवाल, सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला, स्टेशन निदेशक वीके द्विवेदी, स्टेशन मैनेजर दिलीप ठाकुर आदि मौजूद रहे।
