
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना को लिखा पत्र
15 अगस्त को भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना ने सन्यास लेने का किया फैसला
महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त की शाम को अचानक सोशल मीडिया के जरिये इंटरनैशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया। धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'अब तक आपके प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। शाम 07:29 मिनट से मुझे रिटायर्ड समझिए।' धोनी को उनके संन्यास के बाद देश-विदेश सभी जगह से बधाइयां मिली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धोनी को एक खत लिखकर बधाई दी। धोनी ने इस खत के जवाब में पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया है।
महेंद्र सिंह धोनी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''एक कलाकार, सैनिक और खिलाड़ी को प्रशंसा की ही भूख होती है। वे चाहते हैं कि उनकी कड़ी मेहनत और बलिदान को सभी पहचानें और उसकी तारीफ करें। शुक्रिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपकी ओर से मिली प्रशंसा और शुभकामनाओं के लिए।''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र में लिखा,''आप नए भारत की भावना के महत्वपूर्ण उदाहरणों में से एक हैं, जिसमें युवाओं की तकदीर परिवार के नाम से नहीं लिखी जाती। वे खुद अपना नाम और भाग्य बनाते हैं। उन्होंने लिखा कि यह मायने नहीं रखता कि हम कहां से जाते हैं जब तक हमें यह पता हो कि हमें कहां जाना है। आपने यह जज्बा दिखाया है और इसके साथ कई युवाओं को प्रेरित किया।
मोदी ने यह भी लिखा कि सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर धोनी का आकलन अन्याय होगा, क्योंकि उनका प्रभाव असाधारण रहा है। उन्होंने लिखा, ''महेंद्र सिंह धोनी नाम सिर्फ आंकड़ों या मैच जिताने में भूमिकाओं के लिए याद नहीं रखा जायेगा। सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर उनका आकलन ज्यादती होगी।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि धोनी की कामयाबी और व्यवहार करोड़ों युवाओं को ताकत और प्रेरणा देता है जो उनकी तरह बड़े स्कूलों या कॉलेजों में नहीं पढ़ें या बड़े परिवारों से नहीं है लेकिन उनमें इतनी प्रतिभा है कि उच्चतम स्तर पर अलग पहचान बना सकें। मोदी ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामना भी दी।
धोनी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरेश रैना को भी लिखा पत्र
15 अगस्त को ही महेन्द्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट के ऐलान के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर खिलाड़ी सुरेश रैना ने भी सन्यास का ऐलान कर दिया सुरेश रैना अब कभी भारतीय टीम की ब्लू जर्सी में नजर नहीं आएंगे। सुरेश रैना ने तो महज 33 साल में ही क्रिकेट से रिटायरमेंट लेे लिया। उनके कम उम्र में रिटायरमेंट लेने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरेश रैना को पत्र लिखकर उनकी दूसरी पारी की शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने सुरेश रैना का यूं कम उम्र में रिटायरमेंट लेने से काफी हैरान हैं। पीएम मोदी ने सुरेश रैना के खेल की तारीफ की है और उन्हें एक शानदार खिलाड़ी बताया है। यही नहीं पीएम मोदी ने सुरेश रैना की फील्डिंग की भी काफी सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरेश रैना ऐसे खिलाड़ी थे जिन पर कप्तान का भरोसा रहता था। पीएम मोदी ने अपने पत्र में कहा, 15 अगस्त को आपने अपनी जिंदगी का सबसे मुश्किल फैसला लिया।
इतने कम उम्र में रिटायरमेंट लेने पर पीएम मोदी ने कहा, मैं आपके लिए रिटायरमेंट शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहता हूं क्योंकि इसके लिए आप बेहद छोटे और एनर्जेटिक हैं। क्रिकेट जगत में आपने कई यादगार पल दिए, अब आपकी जिंदगी की दूसरी पारी शुरू कर रहे हो जिसके लिए आपको शुभकामनाएं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने सुरेश रैना को युवाओं का रोल मॉडल कहा। बता दें कि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मध्यक्रम में भारत के लिए कई उपयोगी पारियां खेली थीं। इसके अलावा उनकी गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फील्डर्स में भी की जाती थी।
रिपोर्ट- कुंवर वैभव सिंह
