रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचे मुकाबले में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 8 रन से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। उलटफेर भरी हार के साथ इंग्लैंड की टूर्नामेंट से विदाई हो गई। यह इब्राहिम जादरान की 146 गेंद में 12 चौकों और छह छक्कों की मदद से खेली गई 177 रन की पारी रही, जिसने अफगानिस्तान की जीत की इबारत लिखी। यह चैंपियंस ट्रॉफी की सबसे बड़ी पारी है।इससे पहले इंग्लैंड के बेन डकेट के नाम 165 रन की चैंपियंस ट्रॉफी की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड था। इंग्लैंड को अंतिम ओवर में 13 रन की जरूरत थीं और उनकी अंतिम जोड़ी विकेट पर थी, लेकिन अजमतुल्लाह ओमरजई ने आदिल राशिद को आउट कर अफगानिस्तान को जीत दिलाई। ओमरजई ने 58 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने 41 रन की पारी भी खेली थी। जादरान की पारी से जो रूट के 120 रन पर भारी पड़ी अफगानिस्तान ने सात विकेट पर 325 रन बनाए। जवाब में उसने 49.5 ओवर में इंग्लैंड को 317 रन पर समेट दिया।आर्चर ने झटके शुरुआती तीन विकेट : इससे पहले दस ओवर में आर्चर ने शॉर्ट पिच गेंद का जाल बिछाकर अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को उसमें फंसया। 37 रन के अंतराल में ही अफगानिस्तान ने तीन विकेट खो दिए और ये तीनों विकेट आर्चर ने हासिल किए।
