प्रयागराज। बीते रोज बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार की सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो गया। दोपहर में चटख धूप ने एकबार फिर शहरवासियों के पसीने छुड़ाए।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार को एक बार फिर बादल और बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की है।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह आसमान में बादल छाने के बाद बारिश के आसार बने हुए थे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बदरा दगा दे गए। इसके बाद खिली धूप के कारण अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम,तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
