वियना। ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर स्थित एक स्कूल में मंगलवार को हुई भीषण गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। शहर के मेयर एल्के काहर ने इस घटना को भयानक त्रासदी करार दिया है।
बताया गया कि मृतकों में सात छात्र और दो वयस्क शामिल हैं। काहर ने बताया कि 30 लोग घायल हैं। घटना के वक्त छात्र क्लासरूम में बैठे थे।
पुलिस मानती है कि हमलावर ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया है। देश के आधुनिक इतिहास में यह सबसे भीषण गोलीबारी बताई गई है।
पुलिस ने हत्यारे की सार्वजनिक रूप से पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन ऑस्ट्रियाई मीडिया ने अपुष्ट रिपोटों का हवाला देते हुए बताया है कि वह एक 22 वर्षीय पूर्व छात्र था जिसने स्कूल में प्रवेश किया और छात्रों पर गोलियां चलाई। ऑस्ट्रियाई चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर ने कहा, इस हमले ने हमारे पूरे देश को गहराई तक हिला दिया है। हम सभी इस समय जो दर्द और दुख महसूस कर रहे हैं, उसके लिए कोई शब्द नहीं हैं। साल्जबर्गर नचरिचेन अखबार ने कहा था कि संदिग्ध हमलावर पूर्व छात्र ऑस्ट्रियाई युवक था। माना जाता है कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं था। उसने हाल ही में एक हथियार खरीदा था। इसमें कहा गया है कि बंदूकधारी बदमाशी का शिकार था। वह एक पिस्तौल और एक बंदूक लेकर आया और दो कक्षाओं में गोलीबारी की। इनमें से एक किसी समय उसकी अपनी कक्षा रही थी।
