प्रयागराज। मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने पहले युवती को प्रेमजाल में फंसाया, जब उसकी शादी की बात चली तो युवक ने फोटो वायरल करने की बात कहकर ब्लैकमेल किया और 50 हजार नकद व एक सोने की चेन ले ली। अंत में उसने युवती के आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर शादी भी तुड़वा दी।
युवती ने पुलिस को शिकायत में बताया कि दिप्तांशु केसरवानी / से उसकी जान-पहचान होने के कारण, वह अक्सर उससे मुलाकात व बातचीत करती थी। साथ में घूमने-फिरने भी जाती थी। करीब एक साल से उसके घरवाले उसकी शादी के लिए लड़का खोज रहे थे। यह बात उसने दिप्तांशु को बताई और उससे मिलना-जुलना बंद कर दिया।
आरोप है कि जब शादी की बात युवक को पता चली तो उसने अश्लील फोटो वायरल करने की बात कहकर उसे ब्लैकमेल किया और रुपयों की मांग करने लगा। पैसे न देने पर उसे बदनाम करने की धमकियां देने लगा। उसने बदनामी ने डर कर युवक को 50 हजार रुपये दिए। लेकिन, उसका लालच समाप्त नहीं हुआ।
इसके बाद मई महीने में उसके घरवालों ने मिर्जापुर के लड़के से उसकी शादी तय कर दी। उसकी सगाई की जानकारी होने पर दिप्तांशु ने उससे फिर दो लाख रुपये की मांग की और न देने पर ससुरालियों को झूठी कहानियां सुना कर शादी तुड़वा देने की धमकियां देने लगा।
इसके बाद उसने घर वालों को बिना बताए आरोपी को एक सोने की चेन दे दी, जिसकी कीमत लगभग सवा लाख – रुपये थी। इसके बाद भी दिप्तांशु ने उसके ससुरालियों के पास उसके आपत्तिजनक फोटो को भेज दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए। इसकी वजह से उसकी शादी टूट गई। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी दिप्तांशु के खिलाफ 20 जून को केस दर्ज किया गया है।
