प्रयागराज/करछना। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर को प्रयागराज सर्किट हाउस में रोके जाने पर रविवार को करछना में बवाल हो गया। आक्रोशित भीड़ ने करछना-कोहड़ार मार्ग पर जाम लगा दिया। समझाने पहुंची पुलिस टीम पर प्रदर्शनकारियों ने हमला बोल दिया। पुलिस की तीन गाड़ियों समेत एक दर्जन वाहनों में तोड़फोड़ की और 15 मोटरसाइकिलें फूंक दीं। पथराव में चौकी प्रभारी समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। शाम 5:30 बजे के करीब स्थिति नियंत्रित की जा सकी।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) व भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को कौशाम्बी के लोहंदा गांव जाकर कथित दुष्कर्म पीड़िता बच्ची के परिजनों से मिलना था। साथ ही विगत दिनों करछना के इसौटा लोहंगपुर में मारे गए दलित युवक देवीशंकर के घर जाना था। इसके लिए चंद्रशेखर रविवार की सुबह 11:40 बजे प्रयागराज पहुंचे। कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक लिया और वापस लौटने के लिए कहा। वह नहीं माने तो उन्हें प्रयागराज में सर्किट हाउस लाया गया। इस पर नाराज होकर वह समर्थकों समेत सर्किट हाउस में ही धरने पर बैठ गए।
पुलिस मान-मनौव्वल करती रही. लेकिन बात नहीं बनी। उधर, सर्किट हाउस में चंद्रशेखर को रोके जाने की जानकारी मिली तो करछना में जुटे कार्यकर्ताओं ने करछना-कोहड़ार मार्ग पर भड़ेवरा बाजार में जाम लगा दिया। मौके पर मौजूद भंडा चौकी के पुलिसकर्मियों ने हटाना चाहा तो उन्हें खदेड़ दिया। करीब एक घंटे बाद आसपास के थानों व डायल 112 की गाड़ी संग करछना थाने की फोर्स पहुंची तो लोग उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। तोड़फोड़ करने के साथ ही डायल 112की गाड़ी पलट दी। हालात देख पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने नैनी व औद्योगिक थाने की फोर्स के साथ जाम में फंसे अन्य वाहनों पर भी पथराव किया। इसके बाद तीन कंपनी पीएसी लेकरं डीसीपी यमुनानगर विवेक यादव पहुंचे। शाम पांच बजे के करीब एडि. सीपी अपराधडॉ. अजयपाल शर्मा मौके पर पहुंचे और फोर्स लेकर आगे बढ़े तक जाकर उपद्रवियों को खदेड़ा जा सका और फिर 5:30 बजे स्थिति नियंत्रण में आई।
फिलहाल डीसीपी यमुनानगर का कहना है कि तीन पुलिसकर्मियों के चोटिल होने और तीन पुलिस वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है।
