भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए अमेरिकी उपराष्ट्रपति सोमवार को सबसे पहले अक्षरधाम मंदिर दर्शन करने पहुंचे। उनकी पत्नी उषा चिलुकुरी और तीनों बच्चे साथ थे। वेंस परिवार करीब एक घंटे तक मंदिर में रहा। इस दौरान उनके बच्चों ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहन रखे थे जिसने सभी का ध्यान आकृष्ट किया।
उनके दोनों बेटों एवान और विवेक ने कुर्ता-पायजामा पहन रखा था जबकि बेटी मारिबेल ने जैकेट के साथ नीले रंग की अनारकली फ्रॉक पहन रखी थी। वेंस ने मंदिर की अतिथि पुस्तिका में इसकी खूबसूरती और वास्तु कला की प्रशंसा की और लिखा, इस खूबसूरत जगह मेरा और मेरे परिवार का स्वागत करने के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत को इतनी सटीकता और सावधानी के साथ एक खूबसूरत मंदिर बनाने का श्रेय दिया जाना चाहिए। खासकर हमारे बच्चों को यह बहुत पसंद आया। मंदिर की प्रवक्ता राधिका शुक्ला ने बताया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने मंदिर का अवलोकन करने के साथ विश्व शांति के लिए प्रार्थना भी की। उन्होंने पूरे परिवार के साथ मंदिर में तस्वीरें खिंचवाईं।
