नई दिल्ली/वाराणसी/लखनऊ/पटना। उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाओं में बृहस्पतिवार को 49 लोगों की मौत हो गई। यूपी में 23, बिहार में 25 की जान गई, जबकि हरियाणा के रेवाड़ी में आंधी में एक व्यक्ति की मौत हुई है। झारखंड में वज्रपात से चार लोग घायल हो गए।
वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी के जनसभा स्थल के आसपास लगाए गए कुछ होर्डिंग आंधी में फट गए। कुर्सियां गिर गईं। बिजली गिरने से आजमगढ़ में तीन और गाजीपुर में एक की मौत हो गई। दीवार व पेड़ गिरने से बलिया में दो और जौनपुर में एक की जान चली गई। इस तरह कुल सात लोगों की मौत हो गई। चंदौली में पीपा पुल का एप्रोच मार्ग ध्वस्त हो गया। गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। कानपुर में बुधवार की आधी रात के बाद शुरू हुआ आंधी और बारिश का दौर बृहस्पतिवार सुबह तक चलता रहा। इस दौरान बिजली गिरने और हादसे का शिकार होने से छह लोगों की मौत हो गई। संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में बिजली गिरने से महिला समेत दो की मौत हो गई। आगरा में गर्भवती सहित दो लोगों की मौत हो गई।
