प्रयागराज। जॉर्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर में एक प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी के बेटे ने बुधवार देर रात फंदे से लटककर जान दे दी। वह रात में जल्दी खाना खाकर अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। कुछ देर बाद जब परिजन उसे किसी काम से बुलाने गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। एसी की तरफ से अंदर झांककर देखा तो युवक फंदे से लटका था।
प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी मंजेश चंद्रा अल्लापुर के सेफ नगर कॉलोनी के रहने वाले हैं। दीपक चंद्रा (30) उनके दो बेटों में बड़ा था। पुलिस के अनुसार दीपक भी अपने पिता के साथ दुकान संभालने में हाथ बंटाता था। बीती रात करीब 10 बजे उसने फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे, की जांच कर शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम को भेजा। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के अनुसार घर में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं थी। कारोबारी पिता ने करीब 10 दिन पहले ही बेटे के लिए नई कार खरीदी थी। युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसे परिवार वाले भी नहीं बता पाए।
