भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को इंटरनेशनल स्पेस सेंटर ले जाने वाला एक्सिओम-4 मिशन एक बार फिर टल गया है. पिछली बार लांचिग की तारीख 19 जून तय की गई थी, लेकिन इसको आगे बढाया गया है. एक्सिओम 4 मिशन को लांच करने की नई तारीख 22. जून तय की गई है. भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने मिशन स्थगित होने की पुष्टि की है. एजेंसी ने बताया कि इसरो, पोलैंड और हंगरी की टीमों ने एक्सिओम स्पेस के साथ एक्सिओम मिशन 4 के संभावित लांच समय को लेकर विस्तार से चर्चा की. इसके बाद एक्सिओम स्पेस ने नासा और स्पेसएक्स के साथ कई तैयारियों के पहलुओं का मूल्यांकन किया. स्पेसएक्स के फाल्कन 9 लांच वाहन, ड्रैगन अंतरिक्षयान, स्पेस स्टेशन के ज्वेज्दा माड्यूल में मरम्मत कार्य, मौसम की स्थिति और क्वारंटाइन में मौजूद क्रू की सेहत और तैयारियों के आधार पर एक्सिओम स्पेस ने सूचित किया है कि अगली संभावित लांचिग की तारीख 22 जून है.
