उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने ट्रेनों में अनावश्यक चेन पुलिंग करने वाले 1400 लोगों को गिरफ्तार किया. आरपीएफ ने अप्रैल 2025 में 413, मई में 665 और 15 जून तक 319 लोगों पर कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना भी वसूला. इसके लिए
‘आपरेशन समय पालन’, आपरेशन यात्री सुरक्षा, मिशन जीवन रक्षक जैसे अभियानों को चलाया गया. इस दौरान प्रयागराज जंक्शन पर 98, कानपुर सेंट्रल पर 206, टूंडला जंक्शन पर 126, फतेहपुर पर 125, इटावा जंक्शन पर 120, मीरजापुर पर 115, अलीगढ़ जंक्शन पर 117, नैनी जंक्शन पर 63, फफूंद पर 39 और प्रयागराज छिवकी पर 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया. अन्य स्टेशनों पर भी कार्रवाई की गई. इन यात्रियों को चेन पुलिंग के बाद जब आरपीएफ ने गिरफ्तार किया तो यह घटना को कोई भी उचित कारण नहीं बता पाए. इससे ट्रेन तो अनावश्यक रूप से विलंबित हुई, रेलवे को राजस्व का भी नुकसान हुआ. ट्रेन व यात्रियों को असुरक्षित करने वाली इन घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे आगे भी अभियान चलाएगा. प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि चेन पुलिंग का दुरुपयोग कानूनी अपराध है और इससे यात्रियों को असुविधा होती है. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुशासन बनाए रखने और अनावश्यक चेन पुलिंग से बचने की अपील की है ताकि सभी को सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिल सके.
