लखनऊ। चौक स्थित अशरफाबाद इलाके में कर्ज के बोझ तले दबे एक कपड़ा व्यापारी शोभित रस्तोगी (45) ने पत्नी और बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। घटना की जानकारी तब हुई, जब सोमवार तड़के हालत बिगड़ने पर शोभित की बेटी ने बड़ी मम्मी को फोन कर घटना की जानकारी दी।
जब तक परिवारवाले पहुंचते, तीनों की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल से शोभित का सुसाइड नोट मिला है, इसमें कर्ज से परेशान होने के कारण जान देने की बात लिखी है।
शोभित तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी राजाजीपुरम ईब्लॉक में जुगल फैशन पॉइंट के नाम से दुकान थी। उनकी बेटी ख्याति लखनऊ पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। उनके भाई शरद और शेखर राजा बाजार में रहते हैं। शेखर ने बताया कि सोमवार तड़के 4:30 बजे ख्याति ने उनकी पत्नी तृप्ति को फोन कर माता-पिता की तबीयत बिगड़ने की बात बताई। कहा कि जल्दी से डॉक्टर लेकर आइए। और फोन कट गया था।
शेखर भागकर शोभित के घर पहुंचे तो कमरा भीतर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला। भीतर जाने पर शोभित व ख्याति (16) बेडरूम में बिस्तर पर पड़े मिले। वहीं, शोभित की पत्नी सुचिता (43) आंगन में पड़ी मिलीं। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था। आननफानन तीनों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
