प्रयागराज। कीडगंज में शंकर लाल भार्गव मार्ग का दधिकांदो मेला शनिवार को होगा। मेले में बिजली की आकर्षक सजावट की जाएगी। पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन से श्री कृष्ण-बलदाऊ चांदी के हौदे में बैठकर हाथी पर सवार होकर निकलेंगे, साथ में राधा रानी की चौकी होगी। इसके अलावा दल में कई अन्य विषयों और प्रसंग पर आधारित चौकियां शामिल होंगी।
दधिकांदो मेला का दल कमेटी के संरक्षक श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महंत शिवाकांत महाराज, संरक्षक पदुम नारायण जायसवाल, अध्यक्ष पार्षद रुद्र सेन जायसवाल और महामंत्री सतेंद्र तिवारी लाल भाई की अगुवाई में दल निकलेगा।अध्यक्ष रुद्र सेन ने बताया कि दल शनिवार शाम सात बजे श्रीपंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन कीडगंज के परिसर से भगवान श्री कृष्ण-बलदाऊ और राधा रानी महारानी के पूजन-अर्चन, आरती के बाद मसूरिया माई मंदिर तक लाया जाएगा। दल में मनोहरी झांकी युक्त चौकियां शामिल होंगी। दल अपने परंपरागत निर्धारित मार्ग से होते हुए शंकर लाल भार्गव मार्ग, आर्य कन्या चौराहा मुट्ठीगंज, कीडगंज त्रिवेशी मार्ग से होते हुए मसुरियामाई मंदिर में आकर विराम लेगा।
प्रयागराज। कीडगंज के भार्गव रोड और त्रिवेणी रोड पर दधिकांदो मेले को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। यह डायवर्जन शनिवार शाम चार बजे से सोमवार सुबह मेला समाप्ति तक रहेगा। इस दौरान बैरहना चौराहा, निरंकारी भवन चौराहा, बाई का बाग चौराहा, कोठापार्चा डॉट पुल चौराहा, सत्तीशाह चौराहा, भार्गव पुलिस बुध, लाउदर पंचकोसी चौराहा, पुराना यमुना पुल, मिटो पार्क तिराहा, एडीसी चौराहा और बारह खंभां तिराहे पर डायवर्जन रहेगा। यातायात प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मेले के दौरान सभी दो पहिया, चार पहिया वाहन, भारी वाहन, ट्रक, टैंकर, ट्रैक्टर ट्रॉली समेत पास वालों के वाहनों का आवागमन भी मेला क्षेत्र में प्रतिबंधित रहेगा।
