लाहौर। ऑस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अफगानिस्तान के साथ शुक्रवार को उसका मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा घोषित हो गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। हालांकि अफगानिस्तान ने सेदिकुल्लाह अटल के 85 और अजमतुल्लाह ओमरजई की 63 गेंदों में 67 रन की पारी से ग्रुप बी मुकाबले में 273 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने बारिश आने से पहले 12.5 ओवरों में एक विकेट पर 109 रन बनाए थे। बारिश से मैदान गीला होने के कारण अंपायरों ने मैच को गेंद में बेनतीजा घोषित कर दिया। ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप बी में चार अंक हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के 3-3 अंक हैं। ऐसे में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड का मैच महत्वपूर्ण हो गया है। अफगानिस्तान की क्षणिक संभावनाएं इस मैच पर टिकी हैं। यदि द. अफ्रीका जीत गया तो 5 अंकों के शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचेगा। द. अफ्रीका के हारने की स्थिति में अफगानिस्तान के साथ उसका नेट रनरेट देखा जाएगा। बेहतर नेट रनरेट वाली टीम अंतिम चार में पहुंचेगी। ग्रुप ए से भारत और न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं।
