माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग के तत्वावधान में डीटीआई प्रांगण, नैनी में रैपिडो बाइक के प्रथम रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्घाटन मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त ने प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों में ऐसे नवाचार न केवल यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करते हैं। पहले दिन डीटीआई नैनी कैंप में लगभग 125 तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में लगे कैंप में करीब 75 युवाओं का पंजीकरण हुआ।
मेला प्रशासन द्वारा द्विपहिया सेवाओं के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यातायात दबाव में कमी आएगी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष वर्मा, मेला अधिकारी श्री ऋषिराज, नगर आयुक्त श्री सेलम साईं तेजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
