लखनऊ। बिजली कटौती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि रुपये की कमी नहीं है। बिजली व्यवस्था सुधारें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि ट्रिपिंग, ओवर बिलिंग और अनावश्यक कटौती अब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। इसे हर हाल में सुधारना होगा। सीएम शुक्रवार को विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि ट्रिपिंग की लगातार आ रही शिकायतें साबित करती हैं कि व्यवस्था में कहीं न कहीं खामी है। हर फीडर की तकनीकी जांच हो।कमजोर स्थानों की पहचान कर तुरंत सुधार कराया जाए। जहां जरूरत हो वहां ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता तुरंत बढ़ाई जाए। शिकायतों का समाधान समयबद्ध ढंग से किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकार ने बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण को मजबूत करने के लिए रिकॉर्ड बजट उपलब्ध कराया है। ऐसे में किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों से उनके क्षेत्रों की आपूर्ति की स्थिति जानने के बाद मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। हर महीने सही समय पर स्पष्ट और सटीक बिल मिलना चाहिए।
