कोलकाता के बालीगंज स्थित साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया. घटना को अंजाम दो सीनियर छात्र और संस्थान के एक पूर्व छात्र ने दिया. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
तीनों आरोपितों मनोजित मिश्रा, प्रमित मुखोपाध्याय व जेब अहमद को गुरुवार रात को ही अरेस्ट कर लिया गया है. इनमें मनोजित मुख्य आरोपित है तथा कॉलेज का पूर्व छात्र नेता है. वह वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता है. कॉलेज का अस्थायी कर्मी भी है. प्रमित व जेब कालेज के तीसरे वर्ष के छात्र हैं.
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा को पत्र लिखा है. तीन दिनों के भीतर मामले में पुलिस की ओर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट आयोग के पास जमा करने का निर्देश दिया है.
आरजी कर की याद ताजा कोलकाता की इस घटना से आरजी कर कांड की याद ताजा हो गई है. पिछले साल नौ अगस्त को कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कालेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म व हत्या की घटना घटी थी. अस्पताल के सेमिनार हॉल में छात्रा का शव मिला था. दोषी संजय रॉय को अरेस्ट किया गया था. बाद में उसे आजीवन उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी.
