राजस्थान हाईकोर्ट ने आठ न्यायिक अधिकारियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत एपीओ (अगली तैनाती के आदेश की प्रतीक्षा) की स्थिति में भेज दिया है। यह कदम कार्यवाहक चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा की ओर से किए गए औचक निरीक्षण के बाद उठाया गया।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए आदेश जारी किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से एपीओ में रखने के निर्देश दिए। सूत्रों के अनुसार इसी दिन जोधपुर के झालामंड स्थित हाईकोर्ट परिसर को ई-मेल के जरिये बम की धमकी मिली थी।
एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराया गया और कार्यवाही में देरी हुई। सुरक्षा जांच के बीच कार्यवाहक मुख्य जस्टिस ने जिला, महानगर और अन्य अधीनस्थ अदालतों का निरीक्षण किया। एपीओ में भेजे गए अधिकारियों में जिला एवं सत्र जज अजय शर्मा को जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
